
लवकुशनगर। थाना क्षेत्र की विधायक कॉलोनी में वर्ष 2024 के मई एवं अगस्त में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लवकुशनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत सेन ने बताया कि सीसीटीवी वीडियो के आधार पर एक संदिग्ध को चिन्हित कर पकड़ा गया था जिसने पूछताछ में अपना नाम रविचंद्र पुत्र गुलजारी अहिरवार निवासी पिपराही झोर थाना चंदला बताया, साथ ही विधायक कॉलोनी के दो स्थानों पर अलग-अलग माह में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। रविचंद्र के पास से एक घर से चोरी किया गया मोबाइल एवं दूसरे घर से चोरी की गई दो हजार रुपए की नगद राशि बरामद की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी द्वारा गणवेश धारण कर तथाकथित अधिकारी बनकर सोशल मीडिया पर फोटो भी अपलोड किए गए हैं, जिसके लिए उस पर थाना चंदला में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। रविचंद्र को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।









