
शिकायतों के बाद भी ध्यान नहीं दे रही नगर परिषद
हरपालपुर। नगर के लहचुरा मार्ग पर वार्ड नंबर 1 में कृषि उपज मंडी से छोटी देवी मंदिर तक की सड़क को बनाने का टेंडर होने के बाद करीब 6 माह पहले ठेकेदार ने सितंबर 2023 में निर्माण कार्य शुरु किया था लेकिन करीब 1 माह बाद अक्टूबर 2023 में ठेकेदार ने सड़क पर मिट्टी डलवाने के बाद कार्य को अधूरा छोड़ दिया। अब पिछले 6 माह से इस मार्ग से आवागमन करने वाले राहगीर और स्थानीय रहवासी धूल खाने के लिए मजबूर हैं। स्थानीय लोग कई बार नगर परिषद में शिकायत कर चुके हैं लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय निवासी रामसेवक बताते हैं कि पिछले 6 माह से इस मार्ग पर रहने वाली करीब 2000 की आबादी धूल के कारण परेशान है। लोग कई बार नगर परिषद में इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन कोई सुनने वाला कोई नहीं है। इतना ही नहीं इस संबंध में रामसेवक स्वयं सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, उसका भी कोई असर नहीं हुआ। एक अन्य स्थानीय रहवासी राजकुमार ने बताया कि हालात ऐसे हैं कि लोग घरों के बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग पर भारतीय खाद्य निगम का गोदाम और सरसेड़ ग्राम पंचायत में क्रेशर उद्योग है। जहां प्रतिदिन हैवी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। भारी-भरकम वाहन जब यहां से निकलते हैं तो पूरे इलाके में धूल ही धूल हो जाती है। इसके अलावा सड़क खराब होने के कारण आए दिन यहां दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। हाल में इस मार्ग पर दुर्घटना का शिकार हुए रामप्रताप ने बताया कि जिस दुर्घटना में वे घायल हुए थे वह भी धूल के कारण ही हुई थी। वार्ड नंबर 1 के रहने वाले संजू ने बताया कि दिन-रात धूल में रहने के कारण अब यहां के लोगों को श्वास संबंधी बीमारियां होने लगी हैं।
नवरात्रि में इसी मार्ग से गुजरेंगे हजारों श्रद्धालु
गौरतलब है कि आज से शुरु होने जा रहे चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान अगले नौ दिनों में इसी मार्ग से हजारों श्रद्धालुओं का आवागमन होगा। दरअसल इस क्षेत्र के प्रसिद्ध अद्र्धकुमारी माता मंदिर तक जाने के लिए यही एक मात्र मार्ग है और नवरात्रि में यहां भारी संख्या में भक्तों का आना-जाना होता है। ऐसे में इस वर्ष यहां आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और कई दुर्घटनाएं होने की भी संभावना है। कई भक्त जो बिना चप्पलों के पदयात्रा करते हुए मंदिर जाएंगे उन्हें भी भारी परेशानी होगी।
सड़क पर नहीं हो रहा पानी का छिड़काव, जिम्मेदार कौन?
पीडब्ल्यूडी विभाग के रिटायर्ड सब इंजीनियर आलोक खरे ने बताया कि जब भी किसी सड़क का निर्माण होता है, तो यह जवाबदेही ठेकेदार की होती है कि वह निरंतर सड़क पर पानी का छिड़काव करे ताकि लोगों को धूल से परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त यदि निर्माण कार्य किसी कारण से बीच में बंद हो जाए तो फिर यह जिम्मेदारी नगर परिषद की होती है। उन्होंने बताया कि यदि नियम का उल्लंघन किया जाए तो नगर परिषद संबंधित ठेकेदार का अनुबंध निरस्त कर सकती है।
इनका कहना
मैं कई बार ठेकेदार को निर्माण कार्य पूरा कराने और निरंतर पानी का छिड़काव करने के लिए निर्देशित कर चुका हूं, लेकिन ठेकेदार द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जाता।
सीएमओ, नगर पालिका परिषद, हरपालपुर








