
बड़ामलहरा। नगर में रहने वाले दो समाजसेवी भाइयों की सराहनीय पहल से मौजूदा गर्मी के मौसम में पक्षियों और इंसानों दोनों की प्यास बुझेगी। दरअसल समाजसेवी निखिल जैन ओर निलय जैन बिट्टू के द्वारा नगर में पक्षियों के लिए जलकुंड और इंसानों के लिए नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था कराई है। जैन भाईयों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से समाजसेवा के कार्य करते आ रहे हैं, और इसी क्रम में उनके द्वारा गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पक्षियों और इंसानों की प्यास बुझाने के लिए यह कार्य किया है। सोमवार को दोनों भाईयों ने साठिया घाटी में पानी से भरे जलकुंड (सकोरे) रखने के साथ लोगों से प्रतिदिन उनमें पानी भरने की अपील की। उक्त जलकुंडों से पक्षियों के साथ बंदर भी अपनी प्यास बुझा सकेंगे। इसके साथ ही उन्होंने इंसानों के लिए नि:शुल्क प्याऊ का शुभारंभ भी किया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व में निखिल और निलय के द्वाार नगर में नि:शुल्क नेत्र शिविर, जरूरतमंदों के लिए खाने की व्यवस्था, बंधम जानवरों को मुक्त कराने की पहल, घायल जानवरों के उपचार की व्यवस्था जैसे सराहनीय कार्य किए जा चुके हैं।






