घुवारा। भगवां थाना क्षेत्र के घुवारा चौकी अंतर्गत बछेड़ी नदी के पास नदीखेरा गांव के नजदीक दो नकाबपोश बदमाशों ने पिकअप वाहन को रोककर गल्ला व्यापारी के साथ लूटपाट की। बदमाशों ने कट्टे की बट से युवक के सिर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और लाखों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार युवक बड़ामलहरा से पिकअप वाहन में मटर लेकर ललितपुर (उत्तर प्रदेश) गया था। मटर बेचने के बाद वह नकदी लेकर वापस बड़ामलहरा लौट रहा था। इसी दौरान भगवां रोड पर बछेड़ी नदी के पास नदीखेरा गांव के नजदीक दो नकाबपोश बदमाशों ने उसका वाहन रुकवा लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने युवक के साथ मारपीट करते हुए कट्टे की बट से उसके सिर पर कई वार किए। हमले में युवक के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद बदमाश लाखों रुपये की नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक घुवारा उपथाना पहुंचा और पुलिस को पूरी वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया गया। घुवारा चौकी प्रभारी मोहर सिंह ने फरियादी के बयान दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की पहचान और घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है।









