
रामजानकी मंदिर से खेल मैदान तक निकली जल कलश यात्रा
बमीठा। देश की पहली नदी जोड़ो योजना अब धरातल पर आने को तैयार है। देश के प्रधानमंत्री रहे अटलबिहारी बाजपेयी ने नदियों को जोड़कर एक-दूसरे के पानी का इस्तेमाल किए जाने हेतु इस योजना की शुरूआत की थी। केन-बेतवा लिंक परियोजना से बुन्देलखण्ड की तस्वीर बदल जाएगी। सोमवार को स्थानीय श्रीराम जानकी मंदिर से खेल मैदान तक विशाल जल कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सांसद वीडी शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए।
44605 करोड़ की लागत से केन-बेतवा लिंक परियोजना तैयार की जानी है। इस योजना से बुन्देलखण्ड के 10 जिले लाभान्वित होंगे। जानकारी में बताया गया कि जिले में इस परियोजना के लिए बनाए जाने वाले बांध से 8.11 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की सिंचाई होगी। जिले के 688 ग्रामों तक इसका लाभ पहुंचेगा। जल कलश यात्रा के मौके पर जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल हुए। वहीं उन्होंने एक करोड़ 26 लाख रूपए की लागत से बमीठा के नवनिर्मित खेल मैदान का लोकार्पण किया। राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह, मुख्य अभियंता आरडी अहिरवार, एसई सीबी अहिरवार, इंजीनियर आशीष महाजन, भाजपा नेता मुकेश पाण्डेय, पुष्पेन्द्र अवस्थी, डिवीजनल इंजीनियर डीके मिश्रा, बमीठा सरपंच सनत मंजू जैन उपस्थित रहे।
छतरपुर से रवाना किया गया जागरूकता रथ
इस केन-बेतवा परियोजना के समुचित प्रचार-प्रसार के लिए छतरपुर जिला मुख्यालय से भी सांसद एवं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने हरी झण्डी दिखाकर एक रथ को रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा के संभागीय प्रभारी मुकेश चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह सहित मंत्री दिलीप अहिरवार एवं विधायक अरविंद पटैरिया मौजूद रहे।
खजुराहो लोकसभा से कांग्रेस ने मैदान छोड़ा
छतरपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से सांसद वीडी शर्मा ने खजुराहो सीट पर हुए कांग्रेस-सपा गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने खजुराहो लोकसभा सीट पर अपनी संभावित हार को देखते हुए चुनाव पूर्व ही मैदान छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सपा का खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में न तो कोई अस्तित्व है और न ही उन्हें कोई पहचानता है। वीडी शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर बूथ पर विजय का इतिहास रचेगी।








