नौगांव। जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत करारा गंज स्थित गोपाल मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल पहुंचे। उन्होंने व्यास पीठ पर पूजा-अर्चना कर कथा का श्रवण किया और संतों के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भागवत कथा का जीवन में विशेष महत्व है और सभी को इसके संदेशों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि खासकर युवाओं को नशे से दूर रहकर अध्यात्म से सीख लेनी चाहिए, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के महंत ने शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनका स्वागत किया।
पत्रकारों से चर्चा में मंत्री ने कहा कि वे जतीपुरा गोशाला जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें करारा गंज में भागवत कथा आयोजित होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वे संत चरणों के दर्शन करने यहां पहुंचे। उन्होंने कहा कि करीब 30 साल पहले भी वे यहां आए थे और अब 30 साल बाद दोबारा इस दिव्य स्थान पर आने का अवसर मिला है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पशुधन के बैठे रहने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि सरकार ने मनरेगा के माध्यम से गोशालाओं का निर्माण कराया है, लेकिन उनका उपयोग और व्यवस्था बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
कार्यक्रम में संत समाज के साथ जिला प्रशासन से जिला सीईओ नम: शिवाय अरजरिया, जनपद सीईओ सहित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं पूर्व मंत्री जुझार सिंह बुंदेला, मानवेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र नाथ पाठक, नगरपालिका अध्यक्ष अनूप तिवारी सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।









