छतरपुर। जिले के ग्राम बछौंन निवासी बुजुर्ग का जमीनी विवाद अब गहराता जा रहा है। पीडि़त बुजुर्ग ने गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बुजुर्ग का आरोप है कि जमीनी रंजिश के चलते दबंगों ने न केवल उनके घर पर पत्थरबाजी की, बल्कि घर में आग भी लगा दी, जिससे जान-माल का बड़ा खतरा पैदा हो गया है।बछौन निवासी रामस्वरूप रुपौलिहा ने बताया कि वह लंबे समय से अपनी पुश्तैनी जमीन के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। पीडि़त ने बताया कि आरोपियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अब हिंसक वारदातों पर उतारू हो गए हैं। घर पर आगजनी और पथराव की घटना से पीडि़त परिवार बुरी तरह सहमा हुआ है। उल्लेखनीय है कि यह वही बुजुर्ग हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में न्याय न मिलने से हताश होकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस घटना के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। पीडि़त बुजुर्ग का कहना है कि प्रशासन और पुलिस से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद उन्हें अब तक ठोस सुरक्षा या न्याय नहीं मिला है। जनसुनवाई में हुए ड्रामे के बाद प्रशासन ने आश्वासन तो दिया था, लेकिन अब घर पर हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। रामस्वरूप ने एसपी को दिए आवेदन में स्पष्ट रूप से आरोपियों के नाम उजागर करते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी और अपनी जान-माल की रक्षा की मांग की है।










