Home डेली न्यूज़ छतरपुर में अंतरराज्यीय बैडमिंटन का महाकुंभ

छतरपुर में अंतरराज्यीय बैडमिंटन का महाकुंभ

39
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। शहर के पंडित बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में आगामी 21 फरवरी से द्वितीय छतरपुर प्रीमियर लीग बैडमिंटन टूर्नामेंट का भव्य आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव 23 फरवरी तक चलेगा, जिसमें आसपास एमपी यूपी के जिले भर के दिग्गज और उदीयमान खिलाड़ी अपने रैकेट का जौहर दिखाएंगे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के सफल संचालन को लेकर आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें खेल सुविधाओं, खिलाडिय़ों के पंजीयन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने संकल्प लिया है कि इस बार का आयोजन पिछले वर्ष की तुलना में और भी भव्य और व्यवस्थित होगा।टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसे तीन अलग-अलग आयु वर्गों में बांटा गया है, ताकि हर उम्र के खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार प्रतिस्पर्धा कर सकें। प्रतियोगिता डबल्स कैटेगरी में आयोजित की जाएगी, जिसमें ओपन कैटेगरी, 35 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से अधिक के आयु समूह शामिल हैं। आयोजन समिति ने पंजीकरण शुल्क मात्र 500 रुपये प्रति टीम रखा है, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकें। मैच सुबह 7:30 बजे से शुरू होकर देर रात 9:00 बजे तक चलेंगे, जिससे दर्शकों को भी दिन भर रोमांचक मुकाबलों का आनंद मिलेगा। प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बनाने के लिए समिति ने आकर्षक पुरस्कार राशि की घोषणा की है। टूर्नामेंट के विजेता को 11,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 5,100 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। आयोजन समिति की बैठक में यह भी तय किया गया कि खिलाडिय़ों के लिए बेहतर कोर्ट, लाइटिंग और रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था स्टेडियम परिसर में ही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने कहा कि इस प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य जिले में बैडमिंटन के प्रति युवाओं में रुचि जगाना और वरिष्ठ खिलाडिय़ों को एक स्वस्थ वातावरण प्रदान करना है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उद्घाटन समारोह में शहर की जानी-मानी खेल हस्तियों को आमंत्रित किया जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और स्थानीय खेल प्रेमियों में इस टूर्नामेंट को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। छतरपुर बैडमिंटन लीग की आयोजित मीटिंग मे देवेंद्र चौबे,डॉक्टर विशाल श्रीवास्तव, डॉक्टर एम के त्रिवेदी,वायु नंदन पांडे, रविंद्र श्रीवास, भूपेंद्र अहिरवार, शशिकांत असाटी, माहौर, चंद्रभान यादव, बृजेश पाठक इत्यादि सदस्य उपस्थित रहे। रविन्द्र श्रीवास को अंतर्राज्यीय समन्वयक एवं दैनिक प्रतिवेदन का प्रभारी नियुक्त किया गया। साथ ही सभी सदस्यों ने छतरपुर बैडमिंटन लीग -2 को सफल बनाने की शपथ ली।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here