छतरपुर। जिले के राजनगर तहसील अंतर्गत ग्राम गंज कदौंहा में जमीनी विवाद को लेकर एक वृद्ध के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपियों की दबंगई और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर पीडि़त वृद्ध गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचा और न्याय के लिए गुहार लगाई।पीडि़त छमिया पटेल निवासी ग्राम गंज कदौंहा ने आवेदन में बताया कि उसकी भूमि खसरा नंबर 233 और बारा नंबर 446 पर प्रशासन द्वारा विधिवत सीमांकन कराया जा चुका है। सीमांकन के दौरान विपक्षी दल मौजूद था और उस समय कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई थी। इसके बावजूद, गांव के ही महेंद्र, राजा और अर्जुन नामक व्यक्ति जबरन जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीडि़त का आरोप है कि जब उसने इस अवैध कब्जे का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। छमिया पटेल ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी बमीठा सहित वरिष्ठ अधिकारियों को भी शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस की इस सुस्ती के कारण दबंगों के हौसले बुलंद हैं और पीडि़त को भविष्य में किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। पीडि़त ने एसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।










