Home डेली न्यूज़ नपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त किए जाने पर...

नपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त किए जाने पर दिया जोर

47
0
Jeevan Ayurveda

कांग्रेस नेताओं की हुई बैठक, विधायकों सहित पदाधिकारियों ने लिया भाग

Ad

टीकमगढ़। स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ लगे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बुधवार को कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के निवास पर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से जारी किए गए गजट नोटिफिकेशन के बाद अविश्वास प्रस्ताव निरस्त करने की मांग की गई। इस मामले को लेकर कांग्रेसी विधायकों ने कलेक्टर अवधेश शर्मा से मुलाकात की। कलेक्टर को अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई निरस्त करने के संबंध में पत्र सौंपा। कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के निवास पर आयोजित बैठक में पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर, खरगापुर विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर सहित टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले के कांग्रेस जिला अध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि 21 अगस्त को कैबिनेट बैठक में नगरीय निकायों में अविश्वास प्रस्ताव की समय सीमा 2 साल से बढ़ाकर 3 साल कर दी गई है। 27 अगस्त को राज्यपाल ने इस संबंध में गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जिसके चलते टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई निरस्त की जाना चाहिए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष नवीन साहू ने कहा कि सागर जिले के नगर परिषद देवरी में कलेक्टर ने पहले ही अविश्वास का आवेदन निरस्त कर दिया है। कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि बैठक में सभी लोगों ने इस संबंध में कलेक्टर को पत्र सौंपने का फैसला लिया। शाम 4 सर्किट हाउस में कांग्रेसी विधायकों और कार्यकर्ताओं ने इस मामले को लेकर कलेक्टर अवधेश शर्मा से मुलाकात की।

कलेक्टर से की कार्रवाई निरस्त करने की मांग-
सर्किट हाउस में कांग्रेसी विधायकों और जिला अध्यक्ष ने बंद कमरे में कलेक्टर अवधेश शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान कांग्रेसियों ने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव को निरस्त करने के संबंध में पत्र सौंपा। मुलाकात के बाद बाहर निकले कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि कलेक्टर ने अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई निरस्त करने का भरोसा दिलाया है।

बैठक में नहीं पहुंचे 6 कांग्रेसी पार्षद-
नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव में शामिल कांग्रेस उपाध्यक्ष सहित 6 कांग्रेसी पार्षद बैठक में शामिल होने नहीं पहुंचे। जबकि अध्यक्ष के समर्थन में शामिल आठ कांग्रेसी पार्षद बैठक में शामिल हुए। इस दौरान कार्यकारी जिला अध्यक्ष गौरव शर्मा ने बताया कि सभी पार्षदों से फोन पर बात हो गई है। सभी कांग्रेस के साथ हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here