Home डेली न्यूज़ पति-पत्नी पर रिश्तेदारों ने किया हमला, दोनों घायल

पति-पत्नी पर रिश्तेदारों ने किया हमला, दोनों घायल

79
0
Jeevan Ayurveda

छतरपुर। थाना बमीठा क्षेत्र के ग्राम पथरगुआं में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे आपसी पारिवारिक रंजिश के चलते एक दंपत्ति पर उनके ही रिश्तेदारों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनरेश पिता अयोध्या प्रसाद अवस्थी (27 वर्ष) एवं उसकी पत्नी रेनू उर्फ गुडिय़ा शुक्ला (24 वर्ष) निवासी पथरगुआं पर रेनू के नाना हनुमत प्रसाद तिवारी, शीतल प्रसाद तिवारी, संदीप अवस्थी, नीशू मिश्रा और आनंद तिवारी ने अचानक घर में घुसकर दरवाजे बंद कर दोनों की जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि जब रामनरेश भागकर घर के पीछे खेत की ओर निकला तो हमलावरों ने उसे वहीं पकड़ लिया और लाठी-डंडों से फिर से हमला किया। पत्नी रेनू जब बचाने पहुंची तो उस पर भी हमला कर दिया गया।
घायल रेनू किसी तरह थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रामनरेश को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। घायल रामनरेश ने बताया कि चार माह पहले उसने रेनू से प्रेम विवाह किया था, जिसमें रेनू के माता-पिता राजी थे, लेकिन नाना और परिवार के कुछ अन्य सदस्य इस विवाह से नाराज़ थे। इसी रंजिश के चलते हमला किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने रामनरेश के साथ अभद्रता की और उसका 25 हजार रुपए का मोबाइल फोन व करीब 2700 रुपए से भरा पर्स भी छीन लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 333, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ad
Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here