
पुलिस ने वाहन सहित जब्त की अवैध शराब, एक गिरफ्तार
ईशानगर। पिछले कुछ दिनों से पुलिस को थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी किए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रहीं थीं, जिन्हें संज्ञान में लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। दरअसल पुलिस ने गत रोज थाना क्षेत्र के नौगांव रोड पर एक तीन पहिया वाहन को पकड़ा है, जिसमें शराब भरकर परिवहन किया जा रहा था। पुलिस ने वाहन के साथ अवैध शराब जब्त की है और चालक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपी मौके से भाग निकले थे, जिनकी तलाश की जा रही है।ईशानगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक किशोर पटेल ने बताया कि रात करीब 1 बजे तीन पहिया वाहन में शराब भरकर तीन युवकों द्वारा परिवहन किया जा रहा था। उक्त वाहन नौगांव मार्ग से गुलगंज की ओर जा रहा था, इसी दौरान ग्राम बंधी के पास पुलिस टीम ने उसे पकड़ा। वाहन चालक रोहित पुत्र हरिशंकर सुल्लेरे निवासी ग्राम कुर्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो साथी इमरान खान और राहुल राजा निवासी ग्राम कांटी थाना गुलगंज अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। थाना प्रभारी ने बताया कि जब्त की गई 25 पेटियों में रखी 216 लीटर अवैध शराब की अनुमानित कीमत 72 हजार रुपए तथा वाहन की कीमत करीब 3 लाख रुपए है। गिरफ्तार आरोपी रोहित को न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथियों की तलाश अभी जारी है।









