
श्रमिक दिवस पर मेडिकल रिप्रजेंटेटिव एसोसिएशन ने आयोजित किया कार्यक्रम
छतरपुर। श्रम दिवस के अवसर पर मप्र मेडिकल रिप्रजेंटेटिव एसोसिएशन की जिला इकाई ने एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर एवं बैंक अधिकारी, कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी रहे वीरेन्द्र श्रीवास्तव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दुनिया में जो भी तरक्की हुई है वह श्रमिकों के खून पसीने से हुई है लेकिन आज भी श्रमिक वहीं के वहीं खड़े हैं। हमें इस पर विचार करना चाहिए कि मालिक के चेहरे पर चमक और खुशी देने वाले श्रमिक का जीवन भी बेहतर हो। कार्यक्रम में अन्य अतिथियों के रूप में डॉ. सियाराम चौबे एवं कमल अवस्थी उपस्थित हुए।
शहर के गुरूद्वारा के पीछे मेडिकल रिप्रजेंटेटिव एसोसिएशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित हुआ। परंपरागत ढंग से भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्जवलन किया गया। अतिथियों ने श्रम दिवस के संबंध में अपने विचार रखे। विशिष्ट अतिथि डॉ. सियाराम चौबे ने कहा कि मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अपने कंपनी की उपलब्धियां बताते हैं, दवाईयों के इस्तेमाल की जानकारी देते हैं। वास्तव में एमआर के द्वारा बताई गई दवाईयों को ही डॉक्टर मरीजों को उपलब्ध कराते हैं। आज की आपाधापी वाली जिंदगी में अध्ययन का समय नहीं मिल पाता इसलिए एमआर के सुझाव ही मरीजों के इलाज में सहायक होते हैं। विशिष्ट अतिथि कमल अवस्थी ने कहा कि जीवन में हमेशा संघर्ष होते हैं, यदि जीवन में संघर्ष नहीं है तो वह जीवन निराशामय हो जाता है। संघर्ष करते रहें और जीवन में आगे बढ़ते रहें। उन्होंने संगठन के रूप में एकजुट रहकर एक-दूसरे के हितों का ख्याल रखें और उनकी लड़ाई लड़ें। कार्यक्रम का संचालन सचिव विकास चौबे ने किया। आभार कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र नायक ने जताया। वहीं संगठन के उपाध्यक्ष श्री पाण्डेय, सहसचिव आरोग्य भारती, राजकुमार बाजपेयी सहित अन्य सदस्यों ने स्वागत किया।








