
उधारी के पैसों को लेकर की थी महिला की हत्या
छतरपुर। 25 अप्रैल 2024 को थाना बक्सवाहा में वार्ड क्रमांक 2 के एक घर में महिला के शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलने पर थाना बक्सवाहा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु चिकित्सालय भेजा गया। मर्ग जांच, शव परीक्षण रिपोर्ट, फरियादिया, साक्षियों के कथनों, घटना स्थल के भौतिक निरीक्षण से एकत्र साक्ष्यों के आधार पर हत्या का अपराध घटित पाये जाने से थाना में अपराध क्रमांक 137/24 धारा 460,302 भादवि अज्ञात आरोपी के विरूद्ध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने उक्त अंधे कत्ल का खुलासा करने एवं अज्ञात आरोपी की तलाश कर अतिशीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम गठित कर निर्देशित किया था। पुलिस टीम द्वारा घटना दिनांक से लगातार अज्ञात आरोपी की तलाश की गई। विवेचना के दौरान घटना स्थल पर भौतिक साक्ष्यों एवं तकनीकि साक्ष्यों के आधार एवं मुखबिर की सूचना पर संदेही दलुआ बसोर पिता जूजू बसोर उम्र 45 साल निवासी वार्ड क्रं.2 बकस्वाहा को हिरासत में लेकर साइंटिफिक तरीके से पूछताछ की गई।
संदेही दलुआ द्वारा घटना दिनांक को मृतिका के पुत्र एवं पुत्री द्वारा शादी में रिश्तेदारी में बाहर चले जाने व मृतिका घर में अकेली होने से रात्रि करीब 8 बजे मृतिका के कमरे में अंदर घुसकर मृतिका को पूर्व में दिये गये पैसे मांगने, मृतिका द्वारा पैसे देना मना करने पर मसाला बांटने के पत्थर से सिर में प्राणघातक हमला कर हत्या करना स्वीकार किया गया। अभियुक्त को न्यायालय पेश कर जेल भेजा गया है।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बक्सवाहा निरीक्षक कृपाल मार्को, उनि कादिर खान चौकी प्रभारी नैनागिर, उनि श्याम बेन चौकी प्रभारी बम्हौरी, प्र.आऱ हरिराम अहिरवार, आवेश सिंह, उमाशंकर कटारे, आर. मलखान सिंह, उमेश राय, राहुल प्रजापति, दिग्विजय सिंह, चालक पियूष प्रधान एवं नगर रक्षा समिति के सदस्य अक्षय बुन्देला, शालू जैन की सराहनीय भूमिका रही।






