छतरपुर। छतरपुर तहसील कार्यालय की निर्वाचन शाखा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य 5 जनवरी 2026 से जोर-शोर से जारी है। प्रशासन ने इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए 8 सदस्यीय अधिकारियों की विशेष टीम गठित की है, जो प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक लगातार काम कर रही है।
इस टीम में एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद सीईओ, आर.आई. और पटवारी शामिल हैं। ये अधिकारी मौके पर ही मतदाताओं की शिकायतों की सुनवाई कर रही हैं और समस्याओं का त्वरित निराकरण कर रहे हैं।
प्रत्येक अधिकारी प्रतिदिन औसतन 50 लोगों की सुनवाई कर रहा है, जबकि टीम द्वारा रोजाना करीब 400 लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हुई है या जिनके नाम में कोई त्रुटि पाई गई है, उन्हें नोटिस देकर तहसील बुलाया जा रहा है। वहां उनके दस्तावेजों की जांच के बाद त्रुटि सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। विशेष रूप से वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच में गड़बडिय़ां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों से आवश्यक दस्तावेज मंगाए जा रहे हैं। यदि निर्धारित दस्तावेज समय पर जमा नहीं होते, तो ऐसे नामों को मतदाता सूची से हटाया जा रहा है। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जाए, ताकि आगामी विधानसभा/लोकसभा चुनावों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति न उत्पन्न हो।









