छतरपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना में लाभ उठाने के नाम पर हो रही हेराफेरी अब प्रशासन की पकड़ में आ चुकी है। नगर पालिका छतरपुर ने कमिश्नर के सख्त निर्देशों पर विशेष अभियान चलाते हुए 6 परिवारों पर बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सामने आया कि कई लाभार्थियों ने सरकारी राशि तो निकाल ली, लेकिन मकान निर्माण तक शुरू नहीं किया। कहीं पति-पत्नी दोनों ने एक ही पते पर अलग-अलग फॉर्म भरकर राशि ली, तो कहीं लाभ उठाने के बाद भी रकम को अन्य कार्यों में खर्च कर दिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी माधुरी शर्मा के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए संबंधित लाभार्थियों के घरों से सामान और वाहन तक कुर्क किए।
कार्रवाई में सामने आए मामले
कमला पति खज्जू कोरी – मकान निर्माण न करने पर घर से लोहे की सरिया कुर्क की गई। रेखा सक्सेना पति दिलीप सक्सेना – मकान अधूरा रहने पर उनके घर से डीलक्स गाड़ी जप्त की गई। अब्बास खान – उनके घर से टैक्सी वाहन कुर्क किया गया। इसी तरह अन्य लाभार्थियों पर भी नोटिस जारी करते हुए नगर पालिका ने दो दिन के भीतर राशि जमा करने का आदेश दिया है। तय समयसीमा में पैसा वापस न करने पर और बड़ी कुर्की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
लाखों की राशि दांव पर
सीएमओ माधुरी शर्मा ने बताया कि अब तक की जांच में ऐसे 8 लाभार्थी सामने आए हैं जिनके पति-पत्नी दोनों के खातों में आवास योजना की राशि गई है। कई बार नोटिस और समझाइश देने के बावजूद न तो पैसा वापस किया गया और न ही मकान निर्माण हुआ। उन्होंने बताया अब तक तीन घरों से सामान कुर्क कर कार्रवाई की जा चुकी है और एक घर से 50 हजार की वसूली की गई है। शेष लाभार्थियों से भी जल्द वसूली की जाएगी।
लाभार्थियों की सफाई
मातवाना मोहल्ले निवासी खज्जू अनुरागी ने बताया कि उन्होंने 2018 में पैसा निकाला था। उनके अनुसार हमारे और पत्नी दोनों के नाम पर आवास पास हुआ है। मैं घर में अकेला कमाने वाला हूं। पिछले वर्षों से बीमारी के कारण परेशान रहा, इस वजह से मकान का काम अधूरा है। धीरे-धीरे निर्माण का प्रयास कर रहा हूं।
नगर पालिका का कहना है कि गरीबों के लिए बनी इस योजना का गलत फायदा उठाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी लाभार्थी तय समय में मकान निर्माण पूरा नहीं करेंगे या राशि का दुरुपयोग करेंगे, उनके खिलाफ कुर्की, वसूली और एफआईआर तक की कार्रवाई की जाएगी।









