छतरपुर। नौगांव थाना क्षेत्र के ग्राम दोनी में शनिवार शाम एक युवक अवैध देसी कट्टे से चली गोली का शिकार हो गया। घायल युवक की पहचान जितेंद्र पिता रमोली पाल (19) के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब युवक के पैर में गोली लग गई। गोली युवक की जांघ में जा धंसी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल युवक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया और उसे ऑपरेशन कक्ष में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक के पैर में अभी भी गोली फंसी हुई है और ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।
घायल युवक का कहना है कि देसी कट्टे से गलती से गोली चल गई, जिससे वह घायल हुआ। हालांकि यह देसी कट्टा युवक के पास कैसे आया और घटना वास्तव में हादसा है या कुछ और, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
नौगांव थाना टीआई बाल्मीक चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस 108 की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल युवक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच और अग्रिम कार्यवाही में जुटी हुई है।









