Home डेली न्यूज़ कुम्हेड़ नदी के तेज बहाव ने रोकी बच्चों की राह, वार्ड 15...

कुम्हेड़ नदी के तेज बहाव ने रोकी बच्चों की राह, वार्ड 15 हरपई में विकास के दावों की खुली पोल

7
0
Jeevan Ayurveda


महाराजपुर। महाराजपुर नगरपालिका के वार्ड क्रमांक 15 अंतर्गत हरपई गांव में कुम्हेड़ नदी पर पुलिया नहीं होने से 50 से अधिक परिवारों को बारिश के मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण वर्षों से नदी पर सुरक्षित आवागमन के लिए पुलिया निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदारों की ओर से अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
बारिश के दिनों में कुम्हेड़ नदी का जलस्तर बढऩे और तेज बहाव के कारण ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है। स्कूल से लौटते समय कई बच्चे नदी के किनारे पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आते हैं। वहीं कुछ ग्रामीण बच्चों को कंधे पर बैठाकर तेज बहाव के बीच नदी पार कराने को मजबूर हैं।
हाल ही में सामने आए दृश्य में लीड इंडिया स्कूल महाराजपुर की ड्रेस पहने एक छात्र नदी किनारे बैठकर पानी का बहाव कम होने का इंतजार करता दिखाई दिया। दूसरी ओर कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को नदी पार कराते नजर आए। नदी के बीच तेज बहाव में खड़े होकर बच्चों को सुरक्षित निकालते युवाओं की तस्वीरें क्षेत्र की गंभीर स्थिति को बयां कर रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हरपई में अधिकांश परिवार कुशवाहा और पटेल समाज से हैं। गांव की इस पुरानी समस्या को कई बार जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता।
ग्रामीणों ने कहा कि सुरक्षित पुलिया का निर्माण केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। यदि समय रहते कुम्हेड़ नदी पर पुलिया या अन्य सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी। अब ग्रामीण जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और नगरपालिका प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here