छतरपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिले के हनुमान टोरिया क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। हनुमान टोरिया बस्ती के पीछे पठापुर रोड स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में आगामी 18 जनवरी 2026 को विशाल हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के माध्यम से हिंदू समाज में एकजुटता, सामाजिक समरसता तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर विशेष बल दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान घर-घर जाकर पत्रक वितरण किया जाएगा तथा प्रत्येक परिवार से चावल-दाल का संग्रहण कर सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। हिंदुओं को एक सूत्र में बंधने तथा समाज की एकता को मजबूत करने का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
कार्यक्रम के संयोजक जयराम चतुर्वेदी ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना, सामाजिक एकता को सुदृढ़ बनाना तथा प्राचीन सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने सभी वार्डवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल हों तथा इस ऐतिहासिक प्रयास को सफल बनाएं।
आज राम जानकी मंदिर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रमुख रूप से संयोजक जयराम चतुर्वेदी, कमलापथ मिश्रा, विनय देशराज पटेरिया, राघवेंद्र सिंह, मुकेश मिश्रा, विनोद मिश्रा,डॉ सुनील अग्रवाल, अंचल जैन,विजय रावत,अवधेश सोनाकिया,डीसी पाठक,प्रदीप पाठक,दिनेश यादव, लक्ष्मी साहू,सुनीता रजक, प्रिंस साहू सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।









