
छतरपुर। जिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें मरीज के परिजनों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड को गालियां दी जा रही हैं। घटना महाराजपुर थाना क्षेत्र के दीवानजू का पुरवा निवासी मुकेश पुत्र भगवत पटेल उम्र 22 वर्ष से जुड़ी है, जिसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे इमरजेंसी वार्ड में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ऊपरी मंजिल पर इलाज के लिए भेजा। इमरजेंसी में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सिक्योरिटी गार्ड ने एक गेट बंद किया था, जिससे नाराज परिजनों ने गार्ड को बुरी-बुरी गालियां देना शुरू कर दिया। वीडियो में गार्ड बार-बार गाली न देने की अपील करता दिख रहा है। इस घटना ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और परिजनों के व्यवहार पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।








