छतरपुर। गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत सोमवार को जिले के गोसेवकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गोमाता को राष्ट्रमाता अथवा राष्ट्र आराध्या का राष्ट्रीय सम्मान देने तथा गोसेवा के लिए केंद्रीय गौ सेवा मंत्रालय का गठन कर सख्त केंद्रीय कानून लागू करने की मांग की गई।
गोसेवकों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत देशभर में व्यापक जनजागरण चलाया जा रहा है। इसके तहत 40 करोड़ नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्र कर केंद्र और राज्य सरकार को प्रार्थना पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के अनुसार 27 अक्टूबर 2026 को “गो सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जाएगा।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विजय मंत्र “श्री राम जय राम जय जय राम” का संकीर्तन करने के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। उन्होंने सरकार से गौ संरक्षण को लेकर प्रभावी कदम उठाने और देशभर में गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान अभियान से जुड़े कई गोसेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









