
कई महीने से परेशान हितग्राही, प्रशासन से न्याय के लिए लगा रहे गुहार
बक्सवाहा। आजकल भोले-भाले लोगों को चमकदार सपने दिखाकर लूटने की कवायद जोर पकड़ रही है और क्षेत्र में ऐसे लोग घूम रहे है जो लोगो को टोपी पहनाने का कार्य कर रहे है। ऐसा ही एक मामला थाना बक्सवाहा में आया जहां आरोपियों पर फि़ल्मी तर्ज पर मड़देवरा गांव के लोगों के साथ समृद्धा माइनकैब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी जो मददेवरा लुहानी के पास कार्यरत है जिसके कर्मचारियों ने एचपी रिटेल ऑनलाइन एप के माध्यम से रुपए दोगुने करने का लालच देकर एवं भारत सरकार की योजना बताकर रुपए निवेश कराए और कहा गया कि एक या दो माह में राशि दोगुनी हो जाएगी। झांसे में आकर लोगों ने निवेश किया और अब उनके रूपये डूबते हुए नजर आ रहे है।क्या है मामला हितग्राही बलराम लोधी, पुष्पेंद्र लोधी, गणेश साहू निवासी मडदेवरा ने बक्सवाहा थाने पहुंचकर उक्त कंपनी में कार्यरत मैनेजर एवं उनके अधीनस्थ कर्मचारी के खिलाफ एक शिकायती आवेदन दिया है जिसमे दर्जनों लोगों के साथ लाखों रूपये की धोखाधड़ी को लेकर आवेदन दिया गया है एवं निपक्ष्य जांच करने हेतु थाना प्रभारी बक्सवाहा से मांग की गई है। इस मामले को थाना प्रभारी ने अपनी विवेचना में लेकर तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त कंपनी के मैनेजर सतेनजय कुमार एवं शिवम गुप्ता को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है अब देखना यह है कि ऐसे लोगो के साथ क्या कार्यवाही की जाती है। धोखाधड़ी के इस गिरोह में कितने लोग गिरफ्त में आते है? क्योकि हितग्राहियों का आरोप है कि मड़देवरा के अलावा भी आरोपियों ने अलग-अलग जगह के कई हितग्राहियों को फंसाने का कार्य किया है। कंपनी में पदस्थ अन्य कर्मचारी जो महाराष्ट्र, बिहार एवं अन्य राज्यों से हैं जिनमे मनोज गिरासे ,संदीप पाटिल, पूर्णानंद गावड़े ,महेश यादव ,बाबू सिंह लोधी, हरिओम दुबे आदि के नाम शिकायती आवेदन में है। उक्त लोगों पर ठगी करने के आरोप है लगातार कई महीने से परेशान हितग्राही कई कार्यालयों में शिकायती आवेदन दे चुके हैं पर कार्यवाही नहीं हुई है। अब उनकी आशा बक्सवाहा पुलिस प्रशासन से है कि ठगी में लिप्त सभी आरोपी का पर्दाफाश होगा और उनके साथ न्याय होगा। गौरतलब है कि जिस एचपी एप पर उनके पैसे दिखते थे वह एप उनके मोबाइल से कंपनी के कर्मचारियों ने हटा दिया है और लोगों को अपने रुपयो की चिंता सताने लगी है। इस मामले में थाना प्रभारी कृपाल सिंह मार्को का कहना है कि मड़दवेरा गांव के लोगों के द्वारा एक कंपनी और एप के माध्यम से ठगी सम्बंधित शिकायती आवेदन दिया गया है जिस पर पूछताछ की जा रही है। ठगी संबंधी साक्ष्यों के आधार पर दोषी लोगों पर कार्यवाही की जाएगी।









