टीकमगढ़। केन्द्र और राज्य में बनी बीजेपी की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। मंहगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की मार ने आम जनता को त्रस्त कर दिया है। नारी सम्मान की दावे करने वाली बीजेपी सरकार में नारियों की सुरक्षा में सेंध लग चुकी है। महिला और बच्चियों के साथ होने वाली वारदातों ने उनका घर से निकलना मुश्किल कर दिया है। अपराधियों के हौसले बुलंद है। बीजेपी सरकार में किसानों, गरीबों एवं सामान्य परिवारों पर जो मार पड़ी है, उससे वह कराह उठी है। प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री पर लगाए जा रहे आरोपों एवं राम मंदिर चोरी मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और सीएम से इस्तीफा लिया जाए। यह बात यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए स्थानीय विधायक यादवेन्द्र सिंह ने कही। उन्होंनें कहा कि राम के नाम पर सरकार में आने वाली बीजेपी सरकार में ही राम मंदिर की चोरी शर्मनाक घटना है। श्री सिंह ने कहा कि राम मंदिर पर विश्व हिन्दू परिषद एवं आरएसएस का कब्जा है। मंदिर में दर्शनों के लिए पाबंदी यह पहली घटना है, जो बीजेपी सरकार में हुई है। कांग्रेस नेताओं को दर्शनों से रोकना निंदनीय है। विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने आरोप लगाया कि एक सोची समझी साजिश के तहत अयोध्या के श्रीराम मंदिर पर आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद का कब्जा करा दिया गया है, जबकि तीर्थ स्थली अयोध्या साधु संतों की नगरी है। बीजेपी देश एवं प्रदेश के अधिकांश देवालयों पर कब्जा जमाने की फिराक में है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीजेपी सरकार की नाकामी के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जिम्मेदार हैं, उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। श्री सिंह ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके परिजनों द्वारा उज्जैन में खरीदी गई 350 एकड़ जमीन का मुद्दा एक प्रमुख समाचार पत्र द्वारा उठाया गया है, जिसकी जांच की जानी चाहिए। विधायक श्री सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस ने इस पर मुख्यमंत्री से जवाब मांगा, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला जलाया। उन्होंने नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान श्री सिंह ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए जिला प्रशासन की असफलता पर नाराजगी जाहिर की।
प्रदेश की बिगड़ी कानून व्यवस्था-प्रभु सिंह ठाकुर
प्रदेश की कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था दम तोड़ चुकी है। खाद-बीज की किल्लत और मंहगाई ने किसानों की कमर तोड़ दी है। नीट परीक्षा, राम मंदिर चोरी जैसे मुद्दों ने सरकार की कलई खोल दी है। यह बात यहां जिले के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री प्रभु ठाकुर ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने इस दौरान जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर भी सवाल खड़े किए। कांग्रेस प्रभारी प्रभु सिंह ठाकुर ने कहा कि नीट परीक्षा पेपर लीक होने से बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ किया गया है। अनेक बच्चों ने आत्महत्या तक कर ली। वहीं राम मंदिर में लगातार हुई चोरियों ने सरकार की असफलता को दर्शाया है। चोरी के मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। श्री ठाकुर ने कहा कि बीजेपी अपनी खामियों पर पर्दा डालने का काम कर रही है। सैनिकों के अपमान और शहीदों की शहादत का अपमान किया गया, लेकिन इस पर न तो गृहमंत्री का इस्तीफा लिया गया और न ही पेपर लीक मामले में अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नजर आई। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। इस अवसर पर सूर्य प्रकाश मिश्रा, नवीन साहू, श्रीमती पूनम जायसवाल, इसरार मुहम्मद, खलील खान, महेन्द्र सिंह जशवंतनगर, जब्बार खान सहित अनेक कांग्रेस नेता मौजूद रहे।









