टीकमगढ़। बीते रोज सडक़ हादसे में हुई दो लोगों की मौत की घटना को लोग भूले भी नहीं थे, कि यहां बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक और सडक़ हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण तरीके से आ रहे ट्रक ने बाईक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सडक़ हादसे में दो बाईक सवार की जान चली गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार करने के साथ ही ट्रक को जप्त कर लिया है। आए दिन हो रहे सडक़ हादसों के बाद भी प्रशासन द्वारा चालकों की लापरवाही पर अंकुश न लगा पाने पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। बताया गया है कि चौबीस घंटे में यह दूसरा बढ़ा हादसा है। इन चौबीस घंटों में दो ट्रक हादसे हुए, जिनमें कुल चार लोगों की जान जा चुकी है। बीते रोज हुए सडक़ हादसे में मृत हुए दो लोगों की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई कि दो और जान चली गई। बताया गया है कि लगातार बढ़ते हादसों को लेकर लोगों में असंतोष बना हुआ है। घटना के संबन्ध में मिली जानकारी के मुताबिक छतरपुर जिले के ग्राम सोरखी निवासी सत्येन्द्र यादव उम्र 28 वर्ष एवं झाखर निवासी शोभाराम यादव उम्र 26 वर्ष यूपी के मड़ावरा से कीट नाशक लेकर वापिस लौट रहे थे, कि बाईक जैसे ही भदौरा पैट्रोल पंप के पास से गुजरी कि तेज रफ्तार ट्रक ने ओवर टेक के दौरान टक्कर मार दी। इस सडक़ हादसे में दोनों बाईक सवारों की जान चली गई। सूचना पाकर बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नक्शा व पंचनामा आदि तैयार कर शवों का बड़ागांव अस्पताल भेजा। जहां दोनों शवों का पोस्ट मार्डम किया जाएगा। शाम पांच बजे के लगभग हुए भीषण सडक़ हादसे में दो की जान जाने के बाद से मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी देखी जाती रही। आए दिन होने वाले हादसों को देखते हुए इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने पर जोर दिया जाता रहा।










