छतरपुर। छतरपुर नगर पालिका में पदस्थ कर्मचारी आदित्य वाल्मीकि पर आउटसोर्स भर्ती के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीडि़त ने नौकरी न मिलने और राशि वापस न होने पर सिविल लाइन थाने में शिकायती आवेदन सौंपा है।पीडि़त नवल किशोर वाल्मीकि ने बताया कि नगर पालिका कर्मचारी आदित्य वाल्मीकि ने उनके पुत्र को आउटसोर्स के जरिए नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। इसी विश्वास में करीब एक वर्ष पहले उनसे एक लाख रुपये की राशि ली गई। लेकिन एक साल गुजर जाने के बाद भी न तो बेटे को नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए। नवल किशोर ने कहा कि इस मामले में कई बार आरोपी से संपर्क किया गया, लेकिन हर बार आश्वासन देकर टालमटोल किया गया। आर्थिक और मानसिक परेशानी से तंग आकर अब उन्होंने कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया है। पीडि़त नवल किशोर वाल्मीकि भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री बृजेश राय के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। भाजपा महामंत्री बृजेश राय ने मामले को गंभीर बताया और कहा कि यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।










