छतरपुर। छतरपुर पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत वर्ष 2025 में अब तक 745 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को वापस किए जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 31 लाख रुपए से अधिक बताई गई है। वहीं, बीते एक माह में ही 120 गुम मोबाइल तलाश कर संबंधित मोबाइल धारकों को वितरित किए जा रहे हैं।सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अगम जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले की उपस्थिति में मोबाइल धारकों को उनके खोए हुए मोबाइल सौंपे गए।पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में सायबर सेल एवं सभी थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम ने नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विगत एक माह में 120 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख 40 हजार रुपए आँकी गई है। ये मोबाइल बिहार, महोबा, झांसी, बांदा (उत्तर प्रदेश), दिल्ली, सागर, पन्ना एवं छतरपुर सहित विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए हैं। बरामद मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, वनप्लस, मोटोरोला, वीवो, ओप्पो, रेडमी, रियलमी जैसी नामी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। इस अभियान के अंतर्गत थाना खजुराहो में अपराध भी दर्ज किया गया है। ऑपरेशन विश्वास के तहत लौटाए गए मोबाइल छात्र-छात्राओं, मजदूरों, एनजीओ कर्मचारियों, किसानों एवं गृहणियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों के हैं, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।इस पूरी कार्यवाही में प्रभारी सायबर सेल उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक किशोर कुमार, आरक्षक धर्मराज, विजय सिंह, राजीव सिंह, मयंक यादव, अभय सहित सभी थानों के प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










