छतरपुर। शहर की व्यस्ततम नौगांव रोड इन दिनों अवैध बस स्टैंड का रूप ले चुकी है। सड़क के दोनों ओर खड़ी बसें, ट्रक और अन्य भारी वाहन बड़े हादसों को खुला न्योता दे रहे हैं। करीब 50-60 फीट चौड़ी इस सड़क पर दिनभर भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन के लिए मात्र 25-30 फीट जगह ही बचती है।सड़क किनारे बनी इमारतों में संचालित बैंकों, विभिन्न एजेंसियों और मोटरसाइकिल शोरूम के ग्राहकों द्वारा भी वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। क्रिश्चियन स्कूल के बस स्टैंड की ओर डिवाइडर के पास, मोटरसाइकिल एजेंसियों, बैंकों के सामने और वाहन सर्विस सेंटरों के बाहर खड़ी गाडिय़ों के चलते आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इससे यात्रियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।इस संबंध में यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत ने बताया कि सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में प्रस्ताव रखा गया है कि ट्रांसपोर्ट नगर का जीर्णोद्धार कर नगर पालिका द्वारा ट्रक एवं दिल्ली रूट सहित बाहर जाने वाली बसों के लिए अस्थायी बस स्टैंड के रूप में उपयोग किया जाएगा। फिलहाल वहां जीर्णोद्धार का कार्य होना है, इसलिए कलेक्टर के निर्देश पर बसों की पार्किंग की व्यवस्था करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से निजात मिल सके। उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में जैसे ही व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध होगी, सभी वाहन वहीं पार्क कराए जाएंगे। ट्रांसपोर्ट नगर के बाहर खड़े वाहनों पर यातायात विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है और वाहन चालकों को समझाइश भी दी जा रही है कि सड़क किनारे वाहन पार्क न करें।यातायात प्रभारी ने बताया कि बैंकों के बाहर वाहन पार्क किए जाने की शिकायत पर संबंधित बैंकों को नोटिस जारी किए गए हैं। बैंकों के आसपास खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। शोरूमों के सामने पार्किंग की समस्या पर भी सख्ती बरती जा रही है, क्योंकि शोरूम के पास विधिवत पार्किंग होना अनिवार्य है। जिन भवनों के निर्माण के दौरान पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है, उनके मामलों में नगर पालिका को संज्ञान लेकर नोटिस जारी करना चाहिए।










