छतरपुर। सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने डिवाइन ग्रुप ऑफ एजुकेशन स्कूल के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नगर सहमंत्री कृष्णम् भार्गव के नेतृत्व में उस घटना के विरोध में किया गया, जिसमें स्कूल के शिक्षक मोहित बुधौलिया ने 7वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट की थी।जानकारी के अनुसार, मारपीट के दौरान छात्र का हाथ टूट गया, जिसके बाद विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य को शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। एबीवीपी ने मांग रखी है कि आरोपी शिक्षक मोहित बुधौलिया को बर्खास्त किया जाए, उस पर एफआईआर दर्ज की जाए तथा पीडि़त छात्र का पूरा मेडिकल खर्च विद्यालय प्रबंधन वहन करे। विद्यार्थी परिषद के पार्थिव तिवारी ने कहा कि 7वीं कक्षा के एक मासूम छात्र के साथ शिक्षक द्वारा इस तरह की हिंसा बेहद शर्मनाक है। हम मांग करते हैं कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई हो। विद्यालय प्राचार्य ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









