महिलाओं के साथ पुलिस ने किया जनसंवाद, सुरक्षा और जागरूकता पर दी अहम जानकारीनोट: इस समाचार के साथ फोटो 05 लगाएं।बमीठा। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर बमीठा थाना परिसर में महिलाओं का जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय ने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि मोबाइल और साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहना बेहद जरूरी है।उन्होंने महिलाओं को समझाया कि अपने बच्चों पर मोबाइल उपयोग को लेकर निगरानी रखें, ताकि वे गलत दिशा में न जाएं। थाना प्रभारी ने कहा कि 13 से 20 वर्ष तक के बच्चों पर विशेष ध्यान रखें, क्योंकि यही उम्र सही मार्गदर्शन की मांग करती है। जनसंवाद में चोरी की वारदातों से सतर्क रहने की भी अपील की गई। श्रोत्रिय ने कहा कि अपने कीमती जेवर या नगदी को सुरक्षित स्थान पर रखें और सतर्क रहकर सोएं। कार्यक्रम में गांवों से आई महिलाओं को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए, ताकि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दी जा सके। पुलिस की इस पहल को महिलाओं ने सराहा और कहा कि इस तरह के जनसंवाद कार्यक्रमों से सुरक्षा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ते हैं।







