Home डेली न्यूज़ दुश्मन बनकर टूट परे कचरे के ढेरों पर, बनाया फावड़े को हथियार,...

दुश्मन बनकर टूट परे कचरे के ढेरों पर, बनाया फावड़े को हथियार, तसला और झाडू से बरपाया कहर, नहीं बचने दी चिंदी खुली सडक़ पर निकला युवाओं का टोला, नहीं रहने दी कचरे के नाम पर चिंदी….

86
0
Jeevan Ayurveda


टीकमगढ़। कचरा देश का दुश्मन है और यहां बड़ी संख्या में युवाओं से लेकर पुरूष और महिलाएं तक कचरे के दुश्मन बन गए। कचरा देखते ही उस पर टूट पड़ते और देखते ही देखते सारा मैदान साफ हो जाता। गहरे नाले हों या फिर लोगों के कचरे से भरे प्लाट…। तालाब हों या फिर सरकारी कार्यालयों के पास पड़ा मैदान…। कहीं भी गंदगी का टिक पाना मुश्किल नजर आने लगा। ऐसे लगा जैसे गंदगी की सामत आ गई। गंदगी का सफाया करने जिला प्रशासन, जन प्रतिनिधि, पत्रकार, समाजसेवी और किसान, व्यापारी आदि सभी मोर्चा खोले हुए हैं। सुबह सूरज के आते ही किसी के हाथों में फावड़ा, किसी के हाथों में झाड़ू तो किसी के हाथों में तसला नजर आया। देखते ही देखते शहर के चिन्हित स्थानों पर साफ-सफाई करा दी गई। बताया गया है कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अंतर्गत आज टीकमगढ़ नगर में स्वच्छता लक्षित इकाई (सीटीयू) अंतर्गत अधिक गंदगी वाले 20 स्थान चिन्हित कर जन आंदोलन चलाकर एक दिन- एक घंटा, एक साथ स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार के साथ ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, व्यापारी संघ सहित बड़ी संख्या में नगर के स्थानीयजनों तथा नगरीय निकाय के कर्माचारियों ने ऐतिहासिक पहल करते हुए एक घंटा न सिर्फ स्वच्छता श्रमदान किया, बल्कि नगरवासियों को शहर स्वच्छ बनाए रखने लिए जागरूकता का संदेश दिया। सुबह सात बजे से ही नगर प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर चहल-पहल नजर आने लगी। नगर पालिका सीएमओ ओमपाल भदौरिया लगभग अधिकांश स्थानों पर पहुंचे और आयोजनों पर नजर रखी। उन्होंने ईदगाह के पास चिन्हित स्थान पर पहुंचकर पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव, पत्रकार प्रदीप खरे एवं पार्षद राजीव वद्र्धमान आदि से चर्चा कर अपने सुझाव दिए। इस अवसर पर बच्चों को टाफियां वितरित की गई। बच्चों के हाथों पर पोस्टर और पेंटिग नजर आई। लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। पुष्पा स्कूल की छात्राओं का श्रमदान तारीफ-ए-काबिल रहा। हालांकि स्थली पर बढ़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंची। पूृर्व विधायक केके श्रीवास्तव, पत्रकार प्रदीप खरे, शैलेन्द्र द्विवेदी शीलू, राजीव रावत, लतीफ खान, श्रीपाल नायक, समीर खान, गोविंद दास विश्वकर्मा, खलील मुहम्मद, लोकेन्द्र सिंह संजय नायक सहित अनेक लोगों ने श्रमदान कर गंदगी को हटाया और अपना भरपूर योगदान दिया। चिन्हित स्थानों पर शीतल पेयजल आदि का इंतजाम किया गया था। ट्रेक्टर आदि वाहनों द्वारा कचढ़ा ले जाकर शहर के बाहर किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने सभी लोगों को शपथ दिलाई और कचड़ा न फैलाने की अपील भी की। बताया गया है कि इस अवसर पर पूर्व पार्षद अरविंद श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश पटैरिया, सीमा श्रीवास्तव परियोजना अधिकारी, मनोज भामरी, रामरतन सोनी, पुष्पेन्द्र सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे। अंत में वार्ड पार्षद श्री वद्धर्मान ने सभी आगन्तुकों को स्वल्पाहार कराया और आभार व्यक्त किया।
स्वच्छता के बिना बेहतर जीवन असंभव-
गंदगी समाज को खोखला कर देती है। अपने आसपास सफाई होना जरूरी है। लोगों को चाहिए कि अपने आस-पास गंदगी न रखें। आज शहर में चलाए गए अभियान के लिए सभी बधाई के पात्र हैं। यह विचार यहां बंडा नहर पर स्वच्छता अभियान के दौरान श्रमदान करते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी ने व्यक्त किए। उन्होंने अपनी टीम के साथ यहां साफ-सफाई की। ज्ञात हो कि बंडा नहर की साफ-सफाई आम जनता की मांग रही है। इस दौरान जिला कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, सीएमओ ओमपाल भदौरिया सहित अनेक कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। श्री तिवारी ने कहा कि अभियान को सफल बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शहर में चलाए गए स्वच्छता अभियान का असर देखा जाने लगा है। लोगों में अभियान के बाद से ही चर्चा का होना इस बात को स्पष्ट करता है कि लोगों में जागरूकता आना शरू हो गया है।
20 स्थानों पर चलाया गया झाड़ू-
कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने सभी स्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही अभियान में श्रमदान भी किया। इस दौरान उन्होंने अभियान में शामिल छात्र-छात्राओं से स्वच्छता के महत्व के बारे में चर्चा की। उन्होंने बच्चों से उनके अभिभावकों तथा अपने आस-पास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि यह अभियान 2 अक्टूबर तक ही सीमित नहीं है बल्कि आगे भी शहर को स्वच्छ बनाये रखने के लिये प्रयासरत रहें। स्वच्छता जन आंदोलन अभियान के लिए चुने गये सभी 20 स्थान शहर के सबसे अधिक गंदगी वाले क्षेत्र थे, जहां सभी के सहयोग से एक घंटे के सफ ाई अभियान के बाद इन स्थानों की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया। यह आयोजन लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित हुआ। इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें न केवल अपने घर-दुकान बल्कि सार्वजनिक स्थानों की सफाई के प्रति भी जिम्मेदार बनाना है।
शून्य अनुदान आधारित पहल-भदौरिया
सीएमओ नगर पालिका टीकमगढ़ ओमपाल सिंह भदौरिया ने कहा कि अभियान की सफलता की खास बात यह है कि स्वच्छता की यह शून्य अनुदान आधारित पहल है। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिये सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों सहित शासकीय विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यालयों के प्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि सहित शहर के हर तबके के साथ मीटिंग की गई, जिसका परिणाम यह रहा कि हजारों की संख्या में लोगों ने आगे आकर स्वयं इस अभिनव पहल में अपना सहयोग किया तथा स्वच्छता जन आंदोलन के लिये आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराये। साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें स्वच्छता गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here