छतरपुर। विगत दिनों बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा था कि सभी धार्मिक स्थलों में राष्ट्रगान गाया जाना चाहिए। क्योंकि जिसे राष्ट्र से प्रेम होगा वह वंदे मातरम और राष्ट्रगान से भी प्रेम करेगा। महाराज श्री के इस आह्वान का असर दिखाई देने लगा। छतरपुर के सिद्ध क्षेत्र हनुमान टोरिया में बीती शाम सुंदरकांड पाठ हुआ, इसके बाद महा आरती की गई, तत्पश्चात उपस्थित लोगों ने सैनिकों के सम्मान में राष्ट्रगान गाया।
जानकारी के मुताबिक हर मंगलवार की तरह इस मंगलवार भी श्री हनुमान टोरिया में सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। धर्म प्रेमियों ने सुंदरकांड पाठ किया और इसके बाद महा आरती में भी अपनी उपस्थिति दी। इस मंगलवार से एक और पहल शुरू हुई जिसमें अंत में राष्ट्रगान को शामिल किया गया। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों बागेश्वर महाराज ने कहा था कि मंदिर हो या मस्जिद, गुरुद्वारा हो या गिरजाघर सभी में राष्ट्रगान अवश्य होना चाहिए। क्योंकि राष्ट्रगान से राष्ट्र प्रेम की भावना पनपती है। हम सबको अपने राष्ट्र के प्रति निष्ठावान होना चाहिए। महाराज श्री का कहना था कि देश में देश के खिलाफ ही जो षड्यंत्रकारी अपनी गतिविधियां संचालित करते हैं यदि धार्मिक स्थलों में राष्ट्रगान होगा तो लोग ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब भी दे देंगे और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने वाले मुंह की खाएंगे। कार्यक्रम के अवसर पर एसडीएम अखिल राठौर, भाजपा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष बॉबी राजा, हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पवन मिश्रा, डॉ. रोहन चौरसिया, डॉ. गौरव अग्रवाल, डॉ राजेश खरे, राधेश्याम सोनी, कमल अवस्थी, अंकित राज चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।










