
सागर / तिली क्षेत्र स्थित शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय में कार्यरत उच्च माध्यमिक शिक्षक महेन्द्र कुमार लोधी को उनके नवाचार, पर्यावरण संरक्षण व उत्कृष्ट शिक्षण कार्यों के लिए राज्यपाल मंगूभाई पटेल द्वारा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से शिक्षक दिवस पर सम्मानित किया जाएगा।
श्री लोधी विगत 18 वर्षों से उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दे रहे हैं। इन्होंने शिक्षा को साधन नहीं बल्कि साधना माना है। सात डिग्री व तीन डिप्लोमा धारक श्री लोधी गतिविधि आधारित शिक्षण, मल्टीमीडिया, टीएलएम, पर्यावरण संरक्षण, छात्र-कल्याण एवं सहशैक्षिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।
उन्हें पूर्व में राज्य स्तरीय बिनय उजाला नेशन बिल्डर अवार्ड 2024, गीजूभाई शिक्षक सम्मान 2024 व अनेक जिला स्तरीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। उनके नवाचारों में विद्यार्थियों का रोटेशन बैठाव, शून्य निवेश टी एल एम निर्माण, छात्र-नेतृत्व विकास, ग्रीनबोर्ड पर रंगीन चौक का उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण, शिक्षण में मल्टीमीडिया का उपयोग, प्राकृतिक शिक्षण भ्रमण, विज्ञान मेला आयोजन एवं पर्यावरणीय नैतिक शिक्षा शामिल हैं।
उन्होंने "स्मृति" नामक पुस्तक लिखी है व विद्यालय पत्रिका सागरिका का संपादन किया है। उन्होंने एनएसएस इकाई, स्मार्ट क्लास, योग क्लब, आईटी लैब व विद्यालय पत्रिका, छात्रावास संचालन सहयोग समिति के प्रभारी रहते हुए विद्यालय को हरियाली व अनुशासन की दिशा में अग्रसर किया है। शिक्षा, नवाचार और समाजोत्थान के प्रति उनकी निष्ठा उन्हें एक प्रेरणास्रोत बनाती है।