छतरपुर। जिला मुख्यालय के कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में चंदला विधानसभा के ग्राम कितपुरा के मजरा कोरिनपुरवा के ग्रामीणों ने पक्की सड़क की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि कीचड़ युक्त रास्तों के कारण गांव की शिक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित है। साथ ही दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण राजकुमार अनुरागी, आनंद कुमार अनुरागी ने बताया कि कोरिनपुरवा की आबादी लगभग 1200 है, लेकिन मजरा से मुख्य सड़क तक जाने के लिए 2 किलोमीटर लंबा रास्ता पूरी तरह कीचड़ युक्त है। इस कारण बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कूल जाने में मुश्किल हो रही है। मजरा में मौजूद प्राथमिक विद्यालय आने वाले शिक्षकों को भी दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि बीमार व्यक्तियों को चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, और प्रसव पीड़ा से गुजर रही महिलाओं के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि मरीजों को 2 किलोमीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से ले जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार विभिन्न विभागों में आवेदन दिए, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया कि कोरिनपुरवा से कितपुरा तक पक्की सड़क बनवाई जाए, ताकि उनकी परेशानियां कम हो सकें।










