
छतरपुर। बीती रात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गल्ला मंडी में एक युवक के ऊपर छुरे से हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। घायल युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की है। विश्वनाथ कॉलोनी निवासी अखिलेश रजक ने बताया कि बुधवार की रात को वह गल्ला मंडी में रहने वाले अपने दोस्त के पास गया था, तभी वहां शुक्लाना मोहल्ला निवासी कल्लू चौरसिया की पत्नी अंजली आई और बिना किसी कारण के उससे विवाद करने लगी। इसी बीच नशे की हालत में कल्लू भी मौके पर पहुंच गया जिसने छुरे से उसके ऊपर हमला कर दिया। अखिलेश रजक की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराधी पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी अरविंद कुजूर ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर यह विवाद हुआ जिसमें कल्लू चौरसिया द्वारा अखिलेश के ऊपर छुरे से हमला किया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच कराकर न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।






