बकस्वाहा। नगर के शासकीय नवीन महाविद्यालय में परीक्षा परिणाम और कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। छात्रों का आरोप है कि परिणाम में भारी गड़बड़ी की गई है, कई विद्यार्थियों को जीरो अंक देकर फेल कर दिया गया और कुछ को अनुपस्थित तक दिखा दिया गया। इसके अलावा कॉलेज की अव्यवस्थाओं से भी छात्र लंबे समय से परेशान हैं, जिस पर प्रबंधन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में हंगामा किया और कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। नगर मंत्री राहुल प्रजापति और सहसंयोजक गौरव पटेल के नेतृत्व में पहुंचे छात्रों ने कहा कि बार-बार शिकायत के बाद भी प्रबंधन और प्रोफेसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। छात्रों ने आरोप लगाया कि शिक्षक समय पर क्लास में नहीं आते, पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते, बाथरूम जर्जर हालत में हैं और पीने के पानी तक की उचित व्यवस्था नहीं है। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं, प्राचार्य पुष्पा सामवेदी ने सफाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय में सभी क्लास नियमित रूप से लग रही हैं और विद्यार्थियों की समस्याओं का निराकरण समय पर किया जा रहा है।









