छतरपुर। जिले के थाना बमनौरा पुलिस ने सौंरई तिराहा प्रतीक्षालय के पास अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर देशी कट्टा और कारतूस बरामद किया गया है। बमनौरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिशिर तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सूर्य प्रताप सिंह उर्फ बीपी सिंह परमार पुत्र देवेंद्र सिंह परमार निवासी ग्राम मवई थाना बमनौरा का नाम पहले से मारपीट और एससी-एसटी प्रकरणों में भी शामिल था। पुलिस टीम क्षेत्र भ्रमण के दौरान सौंरई तिराहा रामटौरिया पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पाकर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी का अवैध हथियार के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है और उसे न्यायालय में पेश किया गया।










