छतरपुर। आगामी 30 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर छतरपुर में आयोजित होने जा रहे जन्माष्टमी समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। मंगलवार को सागर कमिश्नर और आईजी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ललिता यादव, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, डीआईजी ललित शाक्यवार, एसपी अगम जैन और जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार मौजूद रहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे कमिश्नर अनिल सुचारी और आईजी हिमानी खन्ना ने आयोजन स्थल मेला ग्राउंड में चल रहीं तैयारियों का निरीक्षण किया। कमिश्नर अनिल सुचारी ने बताया कि उन्होंने और आईजी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं, साथ ही व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई, जिसमें मार्ग और हेलीपैड की जांच भी शामिल है। वहीं विधायक ललिता यादव ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में 30 अगस्त को कार्यक्रम होने जा रहा है। इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे गौरगांय के पास बनने वाले भगवान श्रीकृष्ण धाम का भूमि पूजन करेंगे और चल समारोह में भी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री करीब 2 घंटे 20 मिनट छतरपुर में रहेंगे, जिसमें मंच कार्यक्रम और चल समारोह शामिल होगा। उन्होंने सभी जिला वासियों और धर्म प्रेमियों से इस आयोजन में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की। गौरतलब है कि पहली बार कोई मुख्यमंत्री छतरपुर के जन्माष्टमी महोत्सव में हिस्सा लेने आ रहा है, जिससे जिले में उत्साह का माहौल है।








