देश का 79वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर जिले में उमंग और उत्साह से मनाया गया। पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए गए। जगह-जगह आन-बान एवं शान से तिरंगा झंडा फहराया गया। जिले का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड छतरपुर में संपन्न हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्टर पार्थ जैसवाल थे।
मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री जैसवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली और राष्ट्रगान का गायन किया गया। तदोपरांत वीआईपी वाहन में सवार होकर एसपी अगम जैन के साथ परेड दल का निरीक्षण करते हुए जनता के अभिवादन को स्वीकार किया। तत्पश्चात परेड दल द्वारा हर्ष फायर एवं मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी गई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड दल के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और हर्ष के प्रतीक रंगबिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़े। तदुपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का भोपाल से लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आमजन को दिखाया एवं सुनाया गया। फिर मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री जैसवाल ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए संक्षिप्त रूप से जिलेवासियों को अपने उद्बोधन में जिले के विकास एवं उपलब्धियों के बारे में बताया। इसके बाद लोकतंत्र सेनानी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं मीसाबंदीयों को शॉल श्रीफल से सम्मानित किया गया और मुख्य अतिथि ने उनके स्वास्थ्य एवं हाल चाल के बारे में चर्चा की। तदोपरांत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी गई। तदुपरांत श्रेष्ठ कार्य करने पर जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक पत्रकार बंधु, स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। साथ ही जिला न्यायालय के न्यायाधीशगण सहित प्रशासनिक अधिकारियों में डीआईजी ललित शाक्यवार, जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, एडीएम मिलिंद नागदेवे, सहायक कलेक्टर आशीष पाटिल, एएसपी विदिता डागर, डिप्टी कलेक्टर विशा माधवानी, एसडीएम अखिल राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









