छतरपुर। शनिवार की शाम छतरपुर जिले में नियति का क्रूर खेल देखने को मिला है, जहां एक रैकवार परिवार अपने किसी रिश्तेदार की अर्थी को कांधा देने के लिए घर से निकला और रास्ते में काल ने उसी पूरे परिवार को लील लिया। दरअसल छतरपुर जिले के सागर-कानपुर नेशनल हाईवे पर चौका गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बोलेरो को इस कदर टक्कर मारी कि एक ही घर के पांच चिराग हमेशा के लिए बुझ गए। छतरपुर जिले के ही बिजावर कस्बे से बगौता गांव अंतिम संस्कार में जा रहे रैकवार परिवार को क्या पता था कि जिस मातम में वे शरीक होने जा रहे हैं, उससे पहले ही उनका अपना घर श्मशान बन जाएगा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बिजावर के खटक्याना मोहल्ले के रहने वाले रैकवार परिवार की 5 सदस्य शाम को घर से ग्राम बगौता के लिए निकले थे। बगौता में उनके एक रिश्तेदार ?का निधन हो गया था, जिसके अंतिम संस्कार में परिवार को शामिल होना था। लेकिन रास्ते में ग्राम चौका के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी वीभत्स थी कि टक्कर के बाद बोलेरो की छत पूरी तरह से गायब हो गई और पूरी कार करीब मलबे में तब्दील हो गई। सड़क पर चारों तरफ खून और शव बिखरे थे जिसके चलते घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मुड़े हुए लोहे के बीच से शवों और गंभीर रूप से घायल चालक को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। इस दर्दनाक हादसे में बिजावर के खटक्याना मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय दौलत पुत्र दुर्गी रैकवार, 38 वर्षीय बीना पत्नी दौलत ?रैकवार, 60 वर्षीय श्यामबाई पत्नी दुर्गी रैकवार, 25 वर्षीय संजय पुत्र प्रमोद रैकवार और 50 वर्षीय कौशल्या पत्नी लक्ष्मन रैकवार की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बोलेरो चालक छोटू रैकवार निवासी ग्राम रगौली अति गंभीर रूप से घायल है जिसे छतरपुर से तत्काल मेडिकल कॉलेज ग्वालियर रेफर किया गया है।
शव अस्पताल पहुंचे तो चीखों से गूंज उठा पूरा परिसर
हादसे के बाद जब जिला अस्पताल में सभी मृतकों के शव पहुंचे और पीछे से अन्य रिश्तेदार तो पूरा अस्पताल चीखों से गूंज उठा। एक साथ परिवार के 5 सदस्यों के शव देखकर हर व्य?क्ति की आंख में आंसू था। फिलहाल सभी मृतकों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई है। वहां घटना स्थल पर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है साथ ही फरार ट्रक चालक की तलाश शुरु की गई है।










