छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर के वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में 14 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपरान्ह डेढ़ बजे कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी के मार्गदर्शन एवं वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं डीन प्रो.प्रभा अग्रवाल के संयोजन में एक भव्य तथा मनोहारी तिरंगा यात्रा निकाली गई।इस तिरंगा यात्रा में सम्मिलित प्राध्यापकों,छात्र छात्राओं एवं यूनिवर्सिटी परिवार ने देशभक्ति से ओतप्रोत जयकारों के उदघोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
मीडिया प्रभारी डा.एस.पी.जैन के अनुसार तिरंगा यात्रा का शुभारम्भ वाणिज्य अध्ययनशाला प्रांगण से विभागाध्यक्ष प्रो. प्रभा अग्रवाल,कुलसचिव श्री यशवंत सिंह पटेल, डीसीडीसी डॉ. ओपी अरजरिया, डॉ. एसपी जैन, प्राध्यापक संघ के अध्यक्ष डॉ. अशोक निगम, भूगोल की विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णा शुक्ला, डीएसडब्ल्यू डॉ. आरएस सिसौदिया, अर्थशास्त्र की विभागाध्यक्ष डॉ. विभा वासुदेव, भूगर्भशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ. पीके जैन, सहायक कुलसचिव श्री हितैष कोडापे, डॉ. आनंद प्रताप यादव सहित यूनिवर्सिटी परिवार द्वारा राष्ट्रीय तिरंगा ध्वज के साथ विजयी विश्व तिरंगा प्यारा गीत गाते हुआ। यह तिरंगा यात्रा वाणिज्य विभाग से यूनिवर्सिटी परिसर, पुलिस लाइन रोड होते हुए पुन: विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में आकर वाणिज्य विभाग में ही आकर सोल्लास संपन्न हुई। तिरंगा यात्रा के दौरान परिसर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गुंजायमान हो उठा। तिरंगा यात्रा अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाना था। तिरंगा यात्रा ने परिसर में देशभक्ति,राष्ट्र गौरव, उत्साह और एकता का अद्भुत वातावरण निर्मित कर दिया। गुरुवार को आयोजित इस तिरंगा यात्रा में यूनिवर्सिटी स्टाफ, अतिथि विद्वान, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में वाणिज्य तथा प्रबंध संकाय के छात्र छात्राएं सम्मिलित हुए। जो देशभक्तिपूर्ण जयकारों का उदघोष करते चल रहे थे। कार्यवश यूनिवर्सिटी आए नायब तहसीलदार शशांक जैन, आरआई नंदलाल अहिरवार, जय सिंह घोष तथा पटवारी तरुण बरानिया एवं दरबारी लाल अहिरवार भी यात्रा में सम्मिलित हुए।










