छतरपुर। दुनिया भर में सनातन धर्म को परचम लहराने और लोगों को सनातन संस्कृति की समझ से जोडऩे वाले बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उन सब पर अपना स्नेह लुटाते हैं जिन्हें सनातन से प्रेम है। बीती रात महाराष्ट्र से आए सनातन प्रेमी शेख बाबन को आशीर्वाद देते हुए महराज श्री ने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं है। जो व्यक्ति मानवता को कुचलता है वह कभी धर्म प्रेमी नहीं हो सकता। 11 सनातनियों को साथ लेकर बागेश्वर धाम आए अकोला जिले के शेख बाबन ने कहा कि महाराज श्री से मिलने की उनकी बड़ी इच्छा थी जो आज पूरी हो गई।
बागेश्वर धाम पहुंचे अकोला जिला महाराष्ट्र के शेख बाबन ने जय श्री राम के उद्घोष से अपनी बात शुरू की। उन्होंने कहा कि वह सनातन से बहुत प्यार करते हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में स्थित सनातन मंदिरों में जाकर वे दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके मन में महाराज श्री से मिलने का भाव आया था इसलिए वह अपने अन्य 11 सनातनियों को साथ लेकर बागेश्वर धाम आ गए। बागेश्वर महाराज ने शेख बाबन को उनके साथियों सहित आशीर्वाद देते हुए पट्टिका पहनाई और उन्होंने कहा कि मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। जो व्यक्ति मानवता के लिए अपना जीवन समर्पित करता है वही सच्चा धर्म प्रेमी है। उन्होंने कहा कि हमें किसी भी धर्म या मजहब से कोई आपत्ति नहीं है। हम तो अपने हिंदुओं और सनातनियों को एकजुट करने में लगे हैं।










