छतरपुर। आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी एकता मिशन ने लवकुशनगर क्षेत्र में दबंगों द्वारा गरीबों की जमीनों पर कब्जे, चंदेलकालीन तालाब के जीर्णोद्धार और अंबेडकर पार्क निर्माण के मुद्दों को लेकर जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा है। कार्यकर्ताओं ने लवकुशनगर से पदयात्रा कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की।
आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी एकता मिशन के जिला प्रभारी दलजीत ने बताया कि उन्होंने 16 जून को लवकुशनगर से पदयात्रा शुरू की थी। मंगलवार को वे कलेक्टर से मिलने पहुंचे, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में एडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने बताया कि हम दबंगों द्वारा गरीबों की जमीनों पर किए जा रहे अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर आए हैं। साथ ही, लवकुशनगर के ऐतिहासिक चंदेलकालीन तालाब पर हुए कब्जे को हटवाकर उसका जीर्णोद्धार कराने की मांग है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लवकुशनगर में अंबेडकर पार्क बनाने की घोषणा की थी, और जमीन आवंटन के बावजूद अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इन मुद्दों पर तत्काल कदम उठाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो संगठन आंदोलन तेज करेगा।









