हरपालपुर। बुंदेलखंड की एक बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे हरपालपुर को गर्व का क्षण दिया।
हरपालपुर के वार्ड नंबर 2 निवासी जसवंत सिंह राणा की बेटी रुद्रप्रिया सिंह राणा ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल पात्रता परीक्षा 2025 में उत्कृष्ट अंकों के साथ सफलता हासिल की। रुद्रप्रिया ने बताया कि उनके पिता ने भी राजस्थान के सैनिक स्कूल से पढ़ाई की थी, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने यह लक्ष्य चुना। उनका सपना भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट बनकर देश और राष्ट्र की सेवा करना है। रुद्रप्रिया ने अपनी तैयारी राजस्थान की सूर्यवीर डिफेंस एकेडमी से की, जहां कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। अब वह सैनिक स्कूल में आगे की पढ़ाई पूरी कर अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।









