
अतिथियों ने किया राष्ट्र गौरव स्मारिका का विमोचन
छतरपुर। आंवला नवमी के अवसर पर छतरपुर के ऑडिटोरियम में छतरपुर स्थापना दिवस और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बुन्देल केसरी महाराज छत्रसाल द्वारा आज ही के दिन छतरपुर की स्थापना की गई थी। इस अवसर पर बुन्देलखण्ड केसरी छत्रसाल स्मारक पब्लिक ट्रस्ट द्वारा राष्ट्र गौरव स्मारिका का विमोचन भी अतिथियों के करकमलों से कराया गया। इनका हुआ सम्मानआयोजन में मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित स्वदेश भोपाल के प्रधान संपादक राजेन्द्र शर्मा के द्वारा वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल, विभूति शर्मा, पंकज चतुर्वेदी, दिनेश निगम त्यागी, राकेश अग्रिहोत्री, जगदीश द्विवेदी और संदीप पौराणिक को सम्मानित किया गया। इसी कड़ी में ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिप्रकाश खरे दद्दे, सचिव राकेश शुक्ला, संयोजक योगेन्द्र प्रताप सिंह, सहसचिव प्रवीण गुप्त सहित अन्य ट्रस्टियों ने मुख्य अतिथि राजेन्द्र शर्मा को स्मृति चिन्ह और शाल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, विधायक छतरपुर ललिता यादव, विधायक राजनगर अरविंद पटैरिया, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, एसपी अगम जैन, पूर्व विधायक जुझार सिंह, उमेश शुक्ला, नपाध्यक्ष ज्योति चौरसिया मौजूद रहीं।उद्बोधन के क्रम में वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र शर्मा ने महाराजा छत्रसाल की शूरवीरता को याद करते हुए कहा कि उस दौरान उन्होंने अपने पराक्रम से अपनी माटी की रक्षा की और छतरपुर जैसे विकासशील नगर की स्थापना की। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम इस शहर को विकसित बनाकर उनके स्वप्र साकार करें। वरिष्ठ पत्रकार राजेश बादल ने समाज में फैली विसंगतियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज की मीडिया को बहुत कुछ सीखना और समझना जरूरी है। हम पत्रकारों से ईमानदारी की अपेक्षा करते हैं लेकिन समाज के बड़े पदों पर बैठे हुए लोग जब भ्रष्टाचार के उदाहरण पेश करते हैं तो ऐसे में समाज का एक तबका उससे अछूता नहीं रह सकता। अध्यक्षीय उद्बोधन में छतरपुर विधायक ललिता यादव ने कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें हमेशा बहुत कुछ सीखने को मिलता है। छतरपुर में विकास के लिए जो भी आवश्यकताएं होंगी उसे मैं पूरा करने का प्रयास करूंगी। इसके पूर्व कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एसपी अगम जैन ने भी अपने संक्षिप्त उद्बोधन में इस गरिमामयी आयोजन के लिए छत्रसाल स्मारक ट्रस्ट और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में बुन्देलखण्ड केसरी छत्रसाल स्मारक पब्लिक ट्रस्ट द्वारा सभी मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में आभार ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिप्रकाश खरे दद्दे ने जताया।







