Home डेली न्यूज़ मौराहा गोलीकांड के आरोपी ने पुलिस के सामने खुद को गोली मारकर...

मौराहा गोलीकांड के आरोपी ने पुलिस के सामने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

41
0
Jeevan Ayurveda

सुबह से फेसबुक पर पोस्ट डालकर पुलिस अधीक्षक को बताई थी लोकेशन
छतरपुर। एक दिन पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम मौराहा में बलात्कार के मामले में फरार चल रहे आरोपी द्वारा एक परिवार के तीन लोगों को गोली मारी गई थी, जिससे एक वृद्ध की मौत होने के साथ-साथ बलात्कार पीड़िता और उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों घायलों को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया जा चुका है। वहां घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। मंगलवार की सुबह आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट डालकर स्वयं के ऊपर झूठा मामला दर्ज होने और पुलिस द्वारा पैसों का लेनदेन किए जाने का उल्लेख कर खुद अपनी लोकेशन दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस के सामने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि आरोपी द्वारा फेसबुक पर पोस्ट डाले जाने से पहले ही उन्हें उसकी लोकेशन मिल गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी ने पहले पुलिस पर फायरिंग की तथा जब वह चारों ओर से घिर गया तो स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
यह है मामला
प्राप्त जानकारी के मुताबिक करीब 3 माह पहले मौराहा निवासी भोला अहिरवार उम्र 28 वर्ष के ऊपर गांव की एक नाबालिग लड़की द्वारा दुष्कर्म के आरोप लगाकर सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस तभी से भोला अहिरवार की तलाश कर रही थी। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात भोला अहिरवार चुपके से गांव पहुंचा और सुबह करीब 10 बजे अवैध हथियार लेकर पीड़ित लड़की के घर में घुस गया, जहां उसने सबसे पहले पीड़ित लड़की के दादा गजराज पुत्र मनका अहिरवार उम्र 65 वर्ष को गोली मारी। जब गजराज की मौके पर ही मौत हो गई, तब आरोपी ने एक-एक गोली पीड़ित लड़की और उसके चाचा ग्यादीन पुत्र भुमानी अहिरवार उम्र 23 साल को भी मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद भोला मौके से भाग निकला था, और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मामले में नया मोड़ तब आया जब मंगलवार की सुबह आरोपी भोला अहिरवार अपनी फेसबुक पर एक पोस्ट डाली। इस पोस्ट में आरोपी भोला अहिरवार ने लिखा कि – उसने किसी का रेप नहीं किया है, यह पूरा गांव जानता है। उसे सिर्फ पैसों के लिए षड्यंत्र पूर्वक फंसाया गया है और पुलिस ने पैसे लेकर उसके खिलाफ पॉक्सो, 376 जैसी धाराओं में मुकदमा कायम किया है। आरोपी ने अपनी पोस्ट में सिविल लाइन टीआई बाल्मीक चौबे, जय बेदी, प्रेमचंद सरपंच और दीपक पाली आदि नामों का उल्लेख करते हुए लिखा कि इन लोगों ने ही पैसों का लेनदेन कर उसके विरुद्ध झूठा मामला दर्ज कराया है। आरोपी ने आगे लिखा कि सोमवार को हुई घटना को उसने ही अंजाम दिया है। जिस गाड़ी से वह गांव पहुंचा था वह उसके एक परिचित की है लेकिन उसे इस बात का पता नहीं था कि वह क्या करने वाला है, इसलिए इस मामले में उसे मुजरिम न बनाया जाए। भोला अहिरवार ने अंत में लिखा कि- मैं इस वक्त ग्राम पुछी की सिद्ध बाबा पहाड़ी पर हूं, यहीं पर मिल जाऊंगा। अपनी पोस्ट में भोला अहिरवार ने इस बात का भी उल्लेख किया कि यह फेसबुक पोस्ट वह एक किसान के मोबाइल से डाल रहा है, जो अपने खेत पर काम कर रहा है।
यह पोस्ट सामने आने के बाद कुछ ही समय बाद एसपी अगम जैन के निर्देश पर पुलिस टीम पुछी के पहुंच गई थी। संबंधित स्थान पर पुलिस पहुंची तो भोला अहिरवार गांव की पहाड़ी के ऊपर खड़ा हुआ था। जैसे ही पुलिस उसके सामने पहुंची, वैसे ही भोला ने अपने पास मौजूद कट्टे को बाहर निकाल लिया और अपनी ही कनपटी पर रखकर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी भोला अहिरवार द्वारा स्वयं को गोली मारे जाने की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। उक्त घटनाक्रम के बाद पुलिस ने भोला अहिरवार के शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here