
भूमि स्वामी ने एसपी को आवेदन देकर लगाई न्याय की गुहार
छतरपुर। ओरछा रोड थाना अंतर्गत ग्राम महेबा के रहने वाले एक परिवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देते हुए गांव के ही कुछ लोगों पर उसकी निजी जमीन की तार फेसिंग उखाडऩे और उसके साथ गाली-गलौच करने की शिकायत की है।ग्राम महेबा निवासी सत्यम शुक्ला ने एसपी को दिए आवेदन में बताया कि ग्राम में उसकी निजी स्वामित्व की जमीन है जिस पर उसके द्वारा मूंगफली की फसल बोयी गई है और चारों ओर तार फेंसिंग कराई है लेकिन गांव के ही प्रकाश यादव, दिल्ली पाल, भगवानदास कुशवाहा, बिटोली कुशवाहा, सरजू कुशवाहा, राजेन्द्र सेन, किशोरीलाल रैकवार, लीला पाल, कल्लू रैकवार, धनीराम चढ़ार, बल्ली बाल्मीकी, अरूण सेन द्वारा उनकी तार फेंसिंग तोड़ दी गई और उनकी भूमि पर अपने परिवार के लोगों का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त जमीन मेरे स्वामित्व की है लेकिन उक्त ग्रामीणों द्वारा जबरन उनकी जमीन पर कब्जा कर अंतिम संस्कार कर रहे हैं। श्री शुक्ला ने बताया कि उनकी निजी भूमि के पास मप्र शासन की मरघट की जमीन पड़ी है लेकिन उक्त ग्रामीण सरकारी जमीन पर अंतिम संस्कार न कर उनकी निजी स्वामित्व की जमीन पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि जब उक्त लोगों को मना किया जाता है वे लोग गाली-गलौच करने लगते हैं। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के यहां केस भी चल रहा है लेकिन व सिर्फ तारीख बढ़ाते जा रहे हैं। श्री शुक्ला ने एसपी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।







