Home डेली न्यूज़ जिला स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिताएं संपन्न

जिला स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिताएं संपन्न

101
0
Jeevan Ayurveda

म.प्र.राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने किया विजेताओं को पुरस्कृत

छतरपुर। म.प्र.राष्ट्रभाषा प्रचार समिति हिन्दी भवन भोपाल की जिला इकाई छतरपुर द्वारा हिन्दी पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। समिति के जिलाध्यक्ष नीरज खरे ने बताया कि युवा पीढ़ी को भाषा, साहित्य और संस्कृृति से जोडऩे हेतु समिति विगत दो दशक से कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इसी श्रृंखला में इस वर्ष भी ये प्रतियोगिताएं दो चरणों में आयोजित की गई। जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत शाला स्तर पर चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। चित्रांकन से शब्दांकन , किसी प्रसिद्ध हिन्दी कवि की देशप्रेम की कविता का पाठ, एकल लोकगीत प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसका विषय- राष्ट्र के विकास में छात्र की भूमिका रखा गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। निर्णायक के रूप में शिक्षक एवं रंगकर्मी जय नारायण खरे, लोकगीत गायक राजेश तिवारी, कवि एवं संगीतज्ञ प्रमोद सारस्वत, सेवानिवृत शिक्षक अनुराग खरे उपस्थित रहे। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि डीपीसी अरुण शंकर पांडे डॉ बहादुर सिंह परमार एवं उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एस के उपाध्याय ने क्रमश: 500, 400 एवं 300 रूपए की नगद राशि के साथ प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए। इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डीपीसी अरुण शंकर पांडे ने कहा कि राष्ट्रभाषा प्रचार समिति हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी छात्र साधुवाद के पात्र हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों को एक मंच प्राप्त होता है, जो उनकी कला को निखारने का सशक्त माध्यम है। निश्चित तौर पर इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चे अपने समय, समाज और संस्कृति से जुड़कर जीवन में आगे बढ़ेंगे। डॉ बहादुर सिंह परमार ने राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए कहा कि हमें हिंदी को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए साथ ही अन्य भारतीय भाषाओं को भी सीखने के प्रयास करने चाहिए। लोक कला, लोकगीत एवं लोक साहित्य के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाने हेतु छात्रों को प्रोत्साहित करना ही इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य है। छात्रों को संबोधित करते हुए एस के उपाध्याय ने कहा कि हिंदी के प्रचार प्रसार के लिए राष्ट्रभाषा प्रचार समिति का यह आयोजन सराहनीय है। उत्कृष्ट विद्यालय को जिला स्तरीय आयोजन के लिए चुना गया, यह हमारे लिए गौरव का विषय है।भविष्य में भी विद्यालय परिवार राष्ट्रभाषा प्रचार समिति का हर संभव सहयोग करेगी। उन्होंने समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शित करने हेतु छात्रों को मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता के पश्चात कवि एवं शिक्षक अजय मोहन तिवारी ने चित्रांकन से शब्दांकन हेतु दिए गए चित्र पर कुंडलिया सुनाकर छात्रों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका संध्या श्रीवास्तव ने एवं आभार प्रदर्शन देवेंद्र चौरसिया ने किया।यह रहे विजेताजिला स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन प्रतियोगिता में चित्रांकन से शब्दांकन में उत्कृष्ट विद्यालय छतरपुर के छात्र नीलेश यादव प्रथम, केंद्रीय विद्यालय छतरपुर की छात्रा तन्वी अग्निहोत्री द्वितीय एवं सीलिंग होम पब्लिक स्कूल की छात्रा संयोगिता द्विवेदी तृतीय स्थान पर रही। देश भक्ति काव्य पाठ प्रतियोगिता में केंद्रीय विद्यालय छतरपुर के छात्र पार्थ शुक्ला प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा अंजलि ताम्रकार द्वितीय एवं महर्षि विद्या मंदिर छतरपुर की छात्रा तान्या अवस्थी तृतीय स्थान पर रहे। एकल लोकगीत गायन प्रतियोगिता में महर्षि विद्या मंदिर की छात्रा साक्षी शर्मा प्रथम, उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर की छात्रा रिया दीक्षित द्वितीय एवं सीलिंग होम पब्लिक स्कूल की छात्रा अनामिका तिवारी तृतीय स्थान पर रही भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र श्रेयांश पटेल प्रथम, केंद्रीय विद्यालय की छात्रा आरिफा नूर सिद्दीकी द्वितीय एवं सरस्वती शिशु मंदिर के छात्र लावण्या खड़तकर तृतीय स्थान पर रहे।

Ad

Jeevan Ayurveda Clinic

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here