
छतरपुर। राजनगर विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम झमटुली में गुरुवार सुबह वृक्षारोपण किया गया। एक पेड़ मां के नाम अंतर्गत यह कार्यक्रम रखा गया था। जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहर के निर्देश अनुसार स्कूलों में एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ के कार्यकर्ता भी पहुंचे। उन्होंने स्कूल परिसर को 51 पौधे दान किये, गायत्री शक्तिपीठ के सदस्यों द्वारा पूजा अर्चना कर यह कार्यक्रम शुरू कराया गया। कार्यक्रम में पहुंचे सरपंच पाना राजू पटेल सहित ग्रामीणों का अभिनंदन प्राचार्य संगीता बाजपेई द्वारा किया गया। अरविंद सिंह बुंदेला द्वारा बच्चों को पेड़ो का महत्व समझाया गया और बच्चों को पौधों के रख रखाव के सुझाव भी दिये गये। कार्यक्रम में सभी शिक्षक मौजूद रहे। उन्होंने भी एक-एक पौधा लगाया और प्रत्येक शिक्षक ने एक-एक पौधे को बड़ा करने की जिम्मेदारी ली।







