
किसान यूनियन ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
छतरपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के वरिष्ठ पदाधिकारियों के आवाहन पर गुरुवार को यूनियन की जिला इकाई द्वारा जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को 5 सूत्रीय ज्ञापन भेजा गया है। जिला प्रशासन की ओर से भू-अभिलेख अधीक्षक आदित्य सोनकिया ने ज्ञापन लेकर यूनियन की मांगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष राजबहादुर यादव उर्फ हल्के भैया ने बताया कि इन दिनों जिले के किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। व्यापार जगत में घरेलू उपयोग की वस्तुओं के मूल्य में इजाफा हो रहा है किंतु किसानों की फसल के मूल्य में कोई इजाफा नहीं हो रहा, जिसके चलते किसान पूरी तरह टूट चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यूनियन ने किसानों की फसलों को स्वामीनाथन रिपोर्ट के अनुसार एवं एमएसपी के दायरे में लाना जरूरी समझा है। यूनियन के संभागीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि सरकार को भेजे गए ज्ञापन में सोयाबीन और मूंगफली की फसल को एमएसपी के दायरे में लाकर क्रमश: 6 और 7 हजार रुपये कीमत तय करने। आवारा पशुओं को गौशाला या गौठान में रखकर किसानों की फसल को बचाने का प्रयास करने, पंचायतों में मौजूद शासकीय भूमियों का अतिक्रमण हटाने और छतरपुर में प्राकृतिक कारणों से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा किसानों को दिए जाने की मांग की गई है।









