
ग्रामीणों ने अधिकारियों से की शिकायत, जांच की मांग
छतरपुर। लवकुशनगर जनपद क्षेत्र की ग्रामी पंचायत व्यास बदौरा के ग्रामीणों ने सरपंच और सचिव पर शासकीय कार्यों में भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाते हुए मंगलवार को लवकुशनगर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित जिला मुख्यालय पर वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायती आवेदन देकर पंचायत में हुए निर्माण कार्यों की जांच कराने और कार्रवाई करने की मांग की है।ग्रामीण रामसेवक दुबे ने बताया कि सरपंच और सचिव द्वारा पंचायत में जो पेयजल हेतु कूप निर्माण, सड़क-नाली निर्माण, जल संवर्धन हेतु नवीन तालाबों और सामुदायिक भवन का निमार्ण कराया गया है उनमें व्यापक भ्रष्टाचार किया गया है। गुणवत्ताहीन सामग्री का इस्तेमाल कर सरपंच-सचिव ने शासकीय राशि को ठिकाने लगाया है। अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के सामुदायिक भवन का निर्माण पहाड़ी के ऊपर नियम विरुद्ध तरीके से कराया जा रहा है। सार्वजनिक तालाबों की ठीक से खुदाई नहीं कराई गई है। हाल में बनाई गई नई नालियां अभी से टूटने लगी हैं, जिससे स्पष्ट है कि निर्माण कार्यों में अनियमितताएं और भ्रष्टाचार किया जा रहा है। शिकायती आवेदन देकर ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत में कराए गए सभी निर्माण कार्यों जांच कराई जाए और सरपंच-सचिव से राशि वसूल कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर रामविशाल, सोनेलाल अहिरवार, राम सिंह, मातादीन, अनूप तिवारी, रज्जन, इंदल, शिवपाल अनुरागी, महेश अहिरवार सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।









